
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री व लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह से मुलाकात कर शहर के व्यापारियों की समस्याएं उठाईं। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम ने गोमती नगर विवेक खंड और तेलीबाग बाजार के व्यापारियों को लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जारी नोटिस का मुद्दा प्रमुखता से रखा।
व्यापारियों ने बताया कि LDA द्वारा उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत वर्षों पुराने भवनों से नक्शा मांगने और सीलिंग की कार्रवाई के नोटिस दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि कई भवन 30 से 50 साल पुराने हैं, ऐसे में अब नक्शा मांगना व्यावहारिक नहीं है।
संजय गुप्ता ने कहा कि जब ये भवन बन रहे थे, तब संबंधित विभाग ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। अब जब व्यापारी इन स्थानों पर व्यवसाय कर रहे हैं, तब सीलिंग नोटिस देना अन्यायपूर्ण है।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिन बाजारों में 90% से अधिक गतिविधियां व्यावसायिक हैं, उन्हें “मार्केट स्ट्रीट” घोषित किया जाए। इसमें गोमती नगर विवेक खंड, तेलीबाग, कपूरथला, पत्रकारपुरम और सीतापुर रोड जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं। साथ ही 15 साल से अधिक पुराने भवनों को नियमित करने और मास्टर प्लान में संशोधन की भी मांग रखी गई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में हेमंत कुकरेजा, नितिन काकरिया, हर्ष अरोड़ा, गंगाराम रहेजा, ज्योति काकरिया, आलोक गोयल, राजेश चावला, चंद्रशेखर यादव, परमजीत सिंह और अमरजीत सिंह सहित कई व्यापारी शामिल रहे।