
लखनऊ – उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस के दो सफल मॉकड्रिल पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही 7 जनवरी से नियमित सिटी टूर शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सुबह के टूर का मॉकड्रिल 3 जनवरी और शाम के टूर का मॉकड्रिल 4 जनवरी को आयोजित किया गया। यह पहल शहरवासियों और पर्यटकों के लिए एक सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल दर्शनीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस यात्रियों को शहर की ऐतिहासिक विरासत और रोजमर्रा की शहरी जिंदगी का नज़दीकी अनुभव कराएगी। मॉकड्रिल के दौरान बस
ने कोठी हयातबख्श, राजभवन और जीपीओ जैसे प्रमुख स्थलों से होकर मार्ग तय किया। पहला प्रमुख ठहराव विधान सभा भवन रहा। गाइडेड टूर और चयनित स्थलों के माध्यम से शहर भ्रमण की व्यवस्था प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।
सुबह के मॉकड्रिल में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, वन विभाग, रोडवेज विभाग और नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियरिंग के छात्र और टूर-ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। छात्रों ने कहा कि इस अनुभव से उनके ज्ञान और समझ में वृद्धि हुई। वहीं टूर और ट्रैवल उद्योग से जुड़े लोगों ने इसे पर्यटकों के लिए एक सशक्त और आकर्षक नया सिटी प्रोडक्ट बताया।
यात्री सफर के दौरान एक-दूसरे की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
शाम का मॉकड्रिल 4 बजे शुरू हुआ, जिसमें 45 यात्री शामिल हुए। इसमें उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अधिकारी अपने परिवारों के साथ, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे। बस के भीतर उत्साह का माहौल स्पष्ट था और यात्री सफर के दौरान एक-दूसरे की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
7 जनवरी से शुरू होने वाली सेवा में यात्रियों को हल्का जलपान उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है। यह सेवा परिवारों, छात्रों, पर्यटकों और पहली बार शहर घूमने आने वालों के लिए लखनऊ का आरामदायक, गाइडेड और सुव्यवस्थित विकल्प बनने की उम्मीद रखती है।