तालकटोरा क्षेत्र में वंदे भारत ट्रेन से हुआ हादसा
एक ही कार्यालय में करते थे काम, युवती 8 जनवरी से थी लापता
लखनऊ। तालकटोरा इलाके में शनिवार दोपहर एक युवक और युवती ने वंदे भारत ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव रेलवे ट्रैक के पास मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आलमनगर स्टेशन के पास मिला शव
यह घटना तालकटोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आलमनगर स्टेशन के पास जलालपुर रेलवे फाटक के समीप शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। मृतक युवक की पहचान नीलमथा निवासी 35 वर्षीय सूर्यकांत के रूप में हुई है, जबकि युवती 25 वर्षीय दीपाली अर्जुनगंज के शाहखेड़ा गांव की रहने वाली थी।
ढाई घंटे तक ट्रैक के पास घूमते रहे दोनों
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक और युवती घटना से पहले करीब ढाई घंटे तक रेलवे फाटक के आसपास टहलते रहे। जैसे ही वंदे भारत ट्रेन के आने का संकेत मिला, दोनों अचानक रेलवे ट्रैक पर चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक ट्रेन गुजर चुकी थी।
8 जनवरी से लापता थी युवती
पुलिस के मुताबिक दीपाली 8 जनवरी को कार्यालय जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसी दिन परिजनों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मोबाइल फोन से सुसाइड की वजह जानने की कोशिश
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी और तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची। एडीसीपी धनंजय कुशवाहा ने बताया कि दोनों सदर क्षेत्र में एक ही निजी कार्यालय में कार्यरत थे। युवक और युवती के पास से मोबाइल फोन, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है।
शादीशुदा था युवक
पुलिस ने बताया कि सूर्यकांत शादीशुदा था। उसकी पत्नी सविता कांत और सात वर्षीय बेटा है। युवक के दस्तावेजों में ससुराल का पता दर्ज मिला है। घटनास्थल से दो बैग भी मिले हैं, जिनमें कपड़े रखे थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों कहीं बाहर जाने की योजना बना रहे थे।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
