
बांग्लादेश – बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले हिंदू युवक की उस समय मौत हो गई, जब उसने पेट्रोल की कीमत चुकाए बिना भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को रोकने का प्रयास किया। आरोपी चालक ने युवक को अपनी कार से कुचल दिया।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शुक्रवार को हुई यह घटना बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाकर की गई हालिया हिंसा से जुड़ी है या नहीं। द डेली स्टार अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान रिपन साहा (30) के रूप में हुई है, जो गोलंदा मोड़ स्थित करीम पेट्रोल पंप पर कार्यरत था।
समाचार पोर्टल बीडीन्यूज24 डॉट कॉम ने राजबाड़ी सदर पुलिस प्रमुख खोनदाकर जियाउर रहमान के हवाले से बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत चुकाने से इनकार करने पर कर्मी वाहन के सामने खड़ा हो गया, जिसके बाद आरोपी उसे कुचलकर फरार हो गए।
शुक्रवार तड़के करीब सुबह 4:30 बजे
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब सुबह 4:30 बजे एक काली एसयूवी पेट्रोल पंप पर पहुंची और लगभग 5,000 टका (करीब 3,710 रुपये) का पेट्रोल भरवाया। भुगतान किए बिना जब चालक वहां से निकलने लगा, तो रिपन ने उसे रोकने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एसयूवी चालक रिपन को कुचलते हुए मौके से भाग गया। बाद में पेट्रोल पंप के एक अन्य कर्मचारी जाकिर हुसैन ने राजमार्ग पर खून से लथपथ रिपन का शव पड़ा पाया। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने बाद में एसयूवी वाहन जब्त कर लिया और उसके मालिक अब्दुल हाशिम उर्फ सुजान (55) तथा चालक कमाल हुसैन (43) को गिरफ्तार कर लिया है।