
सुलतानपुर – जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 12वीं कक्षा के छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर डीह गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान भखरी गांव निवासी युवराज सिंह (18) के रूप में हुई है, जो मोटरसाइकिल से अयोध्या के कुमारगंज स्थित एनडीडी एबी कॉलेज पढ़ने जा रहा था।
इसी दौरान एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल बल्दीराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बल्दीराय थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा उसके चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।