भाजपा सरकार में सर्वसमाज दुखी, ब्राह्मण समाज उपेक्षा के खिलाफ मुखर : मायावती

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, बसपा पदाधिकारियों की अहम बैठक sarwadhik news

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, बसपा पदाधिकारियों की अहम बैठक

लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रदेश, मंडल, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में Mission 2027 को लेकर संगठनात्मक रणनीति, फेरबदल और चुनावी रोडमैप पर गहन मंथन किया गया।


भाजपा सरकार पर तीखा हमला

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मायावती ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में कुछ मुट्ठीभर लोगों को छोड़कर समाज के लगभग सभी वर्ग खुद को त्रस्त और दुखी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां आम जनता के हित में नहीं हैं।


ब्राह्मण समाज सबसे ज्यादा मुखर

मायावती ने कहा कि वर्तमान हालात में ब्राह्मण समाज अपनी उपेक्षा, असुरक्षा और असम्मान के खिलाफ सबसे ज्यादा मुखर होकर सामने आया है। इसकी चर्चा अब सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि देशभर में हो रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि बसपा सरकार के दौरान ब्राह्मण समाज को जो सम्मान, पद और सुरक्षा मिली, क्या वह किसी दूसरी पार्टी की सरकार में मिल सकी?


सर्वसमाज का हित बसपा में सुरक्षित

बसपा प्रमुख ने दोहराया कि पार्टी की नीति हमेशा “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” रही है। उन्होंने कहा कि बसपा शासनकाल में कानून का राज सख्ती से लागू कर सभी वर्गों के हितों की रक्षा की गई।
मायावती ने आरोप लगाया कि विरोधी दलों की सोच जातिवादी, संकीर्ण, सांप्रदायिक और पूंजीवादी रही है, जिससे गरीब और वंचित वर्गों को नुकसान पहुंचा।


आरक्षण और UGC नियमों पर सवाल

मायावती ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर SC, ST और OBC आरक्षण के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से इन वर्गों को नौकरियों और प्रमोशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही उन्होंने UGC नियमों को सामाजिक समरसता की बजाय सामाजिक तनाव बढ़ाने वाला बताया।


मतदाता सूची और संसद सत्र पर टिप्पणी

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए जाने चाहिए कि वे गरीब, मजदूर, महिलाएं और अशिक्षित वर्ग के लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में पूरा सहयोग करें।
उन्होंने संसद के बजट सत्र में बार-बार हो रहे हंगामे पर भी चिंता जताई और कहा कि जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा नहीं हो पा रही, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।


Mission 2027 पर फोकस

मायावती ने कहा कि संगठन में जरूरी फेरबदल किए गए हैं ताकि Mission 2027 को Mission 2007 की तर्ज पर सफल बनाकर उत्तर प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की बसपा सरकार बनाई जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *