ब्रह्माकुमारीज की प्रमुख प्रशासक दादी रतनमोहिनी का निधन

जयपुर । राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रमुख तथा ब्रह्माकुमारीज संस्था की मुख्य प्रशासक राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी का निधन हो गया है। वह 101 वर्ष की थीं। संस्थान के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।संस्थान के प्रवक्ता ने बताया, ब्रह्माकुमारीज की प्रमुख 101 वर्षीय राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी नहीं रहीं।
उन्होंने अहमदाबाद के एक अस्पताल में सोमवार देर रात अंतिम सांस ली। प्रवक्ता ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार 10 अप्रैल को सुबह किया जाएगा।चार वर्ष पूर्व दादी हृदय मोहिनी के देहावसान के बाद दादी रतनमोहिनी इस संस्था मुख्य प्रशासिका बनीं थीं।राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी के निधन पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, करुणामई व्यक्तित्व से परिपूर्ण दादी जी ने पूरा जीवन त्याग, तपस्या और मानवता की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका देवलोकगमन आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आध्यात्मिक संगठन ब्रह्मकुमारी की प्रशासनिक प्रमुख दादी रतन मोहिनी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें प्रकाश, ज्ञान और करुणा की किरण के रूप में याद किया जाएगा।