ड्यूटी से गायब 20 स्वास्थ्यकर्मियों को CMO का नोटिस, 7 फरवरी को पेश होने के आदेश

ड्यूटी से गायब 20 स्वास्थ्यकर्मियों को CMO का नोटिस
बिना सूचना अनुपस्थित दो डॉक्टर समेत कर्मचारियों पर सख्ती, 7 फरवरी को पेश होने के आदेश sarwadhik news

बिना सूचना अनुपस्थित दो डॉक्टर समेत कर्मचारियों पर सख्ती

लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी से बिना सूचना गायब रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने दो डॉक्टरों सहित कुल 20 स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस जारी कर तलब किया है। सभी को 7 फरवरी को अपने पक्ष और संबंधित साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल और CHC काकोरी से मामले सामने आए
जानकारी के अनुसार राजाजीपुरम स्थित रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में तैनात दो डॉक्टर और एक लैब टेक्नीशियन (LT) कई दिनों से बिना सूचना ड्यूटी से गायब थे। वहीं काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात एक स्टाफ नर्स के भी कई महीनों से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है।

अन्य सरकारी अस्पतालों में भी लापरवाही उजागर
इसके अलावा शहर के अन्य सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कुछ कर्मचारी भी लगातार बिना जानकारी दिए ड्यूटी से नदारद पाए गए। विभाग का कहना है कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही थी।

चार सदस्यीय जांच समिति गठित
शिकायतों और रिकॉर्ड की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ट्रेजरी अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। सभी नोटिस प्राप्त कर्मचारियों को समिति के समक्ष उपस्थित होकर अपनी अनुपस्थिति का कारण और उससे जुड़े प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे।

अनुपस्थित रहने पर होगी विभागीय कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि तय तिथि पर समिति के सामने पेश न होने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

CMO का बयान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि सभी संबंधित कर्मचारियों को नोटिस भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित से जुड़ी लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *