भाजपा सरकार ने आठ साल में उत्तर प्रदेश के बर्बाद कर दिया : अखिलेश

भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया
लखनऊ । सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 8 साल में उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। उत्तर प्रदेश में हर तरफ सवाल ही सवाल है। बहन, बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। भाजपा ने आठ साल में उत्तर प्रदेश को जंगल राज में तब्दील कर दिया है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आकड़ें बताते हैं कि बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित उत्तर प्रदेश में हैंं। सबसे ज्यादा साइबर अपराध यूपी में हो रहा है।
यहां जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का आठ वर्ष में जनता को सिर्फ धोखा है। जनता को कुछ नहीं मिला। प्रदेश में जबर्दस्त भ्रष्टाचार है। लूट और अपराध की बाढ़ है। अपराधियों का साम्राज्य हो गया है। अराजक, असमाजिक तत्वों ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। बलात्कार और बच्चियों की हत्याओं से पूरा प्रदेश थर्रा रहा है। अयोध्या में महिला के साथ लखनऊ में लूट, बलात्कार और हत्या कर दी गयी। इस घटना से लोग दहशत में है। बलिया के रसड़ा में एक युवती के हाथ बांधकर हत्या के बाद पेड़ पर लटकाने की भयावह तस्वीर आयी है, वो बेहद, दर्दनाक और दु:खद है। जुल्म और गुनाह के मामले में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार हाथ बांधे खड़ी है। अपराधियों का ये दुस्साहस उसी का नतीजा है। प्रदेश में लगातार महिलाएं, बच्चियां अपमानित हो रही हैं। बहन बेटियां न तो राजधानी लखनऊ में सुरक्षित हैं और न प्रदेश के अन्य जिलों में। अधिकारी और भाजपाई मिलकर उत्तर प्रदेश को लूट रहे हैं। भाजपाई जगह-जगह जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन पर दबाव डालकर गलत काम और अन्याय कर रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी नही हुई। गरीबों,किसानों की आय खत्म हो गयी।
यह भी पढ़ें : – मधुमक्खियों के झुंड के हमले में बुर्जुग सहित तीन घायल
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था सपना बनकर रह गया है। किसान आर्थिक संकट में है। इन्वेस्टमेंट का दावा खोखला है। इन्वेस्टमेंट के नाम पर कमीशनखोरी और लूट चल रही है। मुख्यमंत्री के करीबी अधिकारी भ्रष्टïचार में शामिल है। अंडरग्राउंड है। यूपी में जितने भी मुख्य लोग है वे निवेश नहीं ला रहे हैं, वे अपनी जेबों को भरने का रास्ता तलाश रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि जनता बेहाल है, महंगाई, बेरोजगारी से हर वर्ग त्रस्त है। भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा बकवास है। अपराधी और दबंग गरीबों पर कहर ढा रहे हैं। उनके घर उजाड़ रहे हैं जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं पूरी तरह से चौपट हो चुकी हैं। अस्पतालों में दवाई और इलाज नहीं मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त स्टाफ नहीं है। भाजपा ने शिक्षण संस्थानों को बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार ने नौजवानों को बेरोजगारी के अंधेरे में धकेल दिया है। गांव-गांव में पढ़ा लिखा नौजवान खाली घूम रहा है, उसके हाथ में काम नहीं है। नौकरी, रोजगार हर क्षेत्र में भेदभाव हो रहा है। उत्तर प्रदेश के इस हालात के लिए मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।