कम्प्यूटर हमारे जीवन में बहुत उपयोगी है

कम्प्यूटर से परिचय
कम्प्यूटर हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। क्या आपको कभी हैरानी होती है कि सड़क पर ट्रैफिक लाइट (लाल-पीली-हरी बत्तियां) कौन जलाता है। फ्रिज का तापमान कौन नियंत्रित करता है। मॉल में आपकी शॉपिंग का हिसाब-किताब कौन करता है। आपके फोन में फिंगरप्रिंट की पहचान कौन करता है।
कम्प्यूटर क्या है?
कम्प्यूटर एक ऐसा इलेक्ट्रॉनिक यंत्र (डिवाइस) है, जिसका उपयोग आंकड़ों को इकट्ठा करके उसे उपयोगी जानकारी में बदलने के लिये किया जाता है। यह जानकारी अंक, शब्द, तस्वीरें, फिल्मे या आवाज के रूप में हो सकती हैं। कंप्यूटर द्वारा इकट्ठी की गई जानकारी को डेटा भी कहते हैं। यह डेटा इनमे से कुछ भी हो सकता है जैसे आपका शॉपिंग बिल, परीक्षा में प्राप्त विभिन्न विषयों के नम्बरों का टोटल, यह किसी कम्पनी में काम करने वाले लोगों का नाम, आयु, वजन, लंबाई और पता भी हो सकता है। कम्प्यूटर हमारे जीवन में बहुत उपयोगी है।
कम्प्यूटर के प्रकार
कम्प्यूटर कई प्रकार के होते हैं, जो अपने आकार, बनावट, सुविधाओं और उद्देश्य के आधार पर अलग अलग होते हैं। नीचे ज्यादातर इस्तेमाल किये जाने वाले कम्प्यूटर दिये गये हैं:
पर्सनल कम्प्यूटर (पीसी)
पीसी एक ऐसा कम्प्यूटर होता है जिसका उपयोग निजी इस्तेमाल के लिये किया जाता है। इसे इस्तेमाल करना आसान है, इसके फंक्शन आसान होते हैं और ये सुविधाजनक साइज़ और कम कीमत में मिल जाते हैं। आजकल पीसी के बिना काम करना बहुत मुश्किल हो गया है। ये दो प्रकार के होते हैं:
1. डेस्कटॉप कम्प्यूटर
2. लैपटॉप
डेस्कटॉप कम्प्यूटर
डेस्कटॉप कम्प्यूटर एक ऐसा पर्सनल कंप्यूटर होता है जो मेज पर एक जगह रखा होता है। इसे हर जगह नही ले जाया जा सकता। यह भारी होता है और एक स्थायी जगह पर रखा होता है। इसके बाहरी हिस्से (हार्डवेयर डिवाइस) तारों द्वारा एक दूसरे से बंधे होते हैं।
लैपटॉप कम्प्यूटर
लैपटॉप एक छोटा कम्प्यूटर है जो बैटरी से चलता है। इसमें एक स्क्रीन और अल्फान्यूमेरिक कीबोर्ड होता है। इसे बंद करके कहीं भी ले जाने में आसानी होती है।
स्मार्टफोन
यह एक ऐसा मोबाइल फोन है जिसमे मोबाइल फोन और कंप्यूटर दोनों के फीचर होते हैं और ये सभी महत्वपूर्ण काम कर सकता है। इसमे बहुत सारे एप्लीकेशन (जिन्हें एप्स भी कहते हैं), इंटरनेट की सुविधा और एक आपरेटिंग सिस्टम होता है, जिससे यह कंप्यूटर के सभी काम बहुत तेज़ी के साथ करता है। आप स्मार्टफोन का इस्तेमाल बटन की बजाय इसकी स्क्रीन पर टच करके कर सकते हैं।