सरकार विरोधी प्रदर्शनों के चलते सुरक्षा स्थिति गंभीर, ईरान यात्रा से भी बचने की अपील
नई दिल्ली (भाषा)।
ईरान में तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के मद्देनज़र भारत सरकार ने वहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से उपलब्ध साधनों के माध्यम से जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। इसके साथ ही भारत ने अपने नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की यात्रा न करने की भी चेतावनी दी है।
प्रदर्शनों के चलते हालात लगातार खराब
ईरानी मुद्रा रियाल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने के बाद पिछले महीने तेहरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू हुए थे। अब ये प्रदर्शन देश के सभी 31 प्रांतों में फैल चुके हैं। शुरुआत में आर्थिक संकट के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन अब राजनीतिक परिवर्तन की मांग में बदल गया है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया नया परामर्श
ईरान में भारतीय दूतावास ने एक नया परामर्श जारी करते हुए कहा है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक—चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री, व्यापारी या पर्यटक—वाणिज्यिक उड़ानों सहित उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग कर देश छोड़ दें।
प्रदर्शन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह
परामर्श में कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग (PIO) अत्यधिक सतर्कता बरतें, प्रदर्शन और रैलियों वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें, भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें और स्थानीय मीडिया के माध्यम से घटनाक्रम पर नजर रखें।
विदेश मंत्रालय ने यात्रा से बचने की चेतावनी दोहराई
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक अगली सूचना तक इस्लामिक गणराज्य ईरान की यात्रा न करें। इससे पहले 5 जनवरी को जारी परामर्श में भी गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई थी।
हजारों लोगों की मौत की खबर
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी (HRANA) के अनुसार, ईरान में चल रहे देशव्यापी प्रदर्शनों में अब तक 2,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं से पश्चिम एशिया में भी व्यापक तनाव की स्थिति बन गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जल्द मदद मिलने वाली है।
आपातकालीन संपर्क नंबर जारी
विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र जैसे यात्रा एवं इमिग्रेशन दस्तावेज तैयार रखने को कहा है।
भारतीय दूतावास, तेहरान ने निम्न आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं:
+989128109115,
+989128109109,
+989128109102,
+989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
