
42 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न वर्गों में विजेताओं का हुआ चयन; 8 अक्टूबर को समापन समारोह में प्रथम पुरस्कार विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ में वन्य प्राणि सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को वन्यजीव एवं पर्यावरण विषय पर आधारित रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के करीब 550 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कुल 42 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं वन्यजीवों से संबंधित रोचक एवं महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्राणि उद्यान के उप निदेशक डा. उत्कर्ष शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी मुकेश चन्द्र काण्डपाल, शिक्षा अधिकारी अभिषेक दुबे और बायलॉजिस्ट प्रशान्त त्रिपाठी मौजूद रहे।

42 विद्यालयों के 550 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगिताओं को कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 10 तथा कक्षा 11 से 12 के तीन वर्गों में आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगोली और मेंहदी के माध्यम से वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया।
रंगोली प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान
कक्षा 6 से 8 वर्ग में लावण्या एवं दिव्यांशी (बिरला ओपन माइंड स्कूल) ने प्रथम, आंचल एवं रितिका (टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज) ने द्वितीय तथा आर्या एवं आराध्या (बाल विद्या मंदिर) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। महक एवं दिव्यांशी (जे.एम.डी. पब्लिक स्कूल) तथा दिशा वर्मा एवं काजल (अवध एकेडमी) को सांत्वना पुरस्कार मिला।
कक्षा 9 से 10 वर्ग में माही एवं आस्था (बिरला ओपन माइंड स्कूल) प्रथम, प्रीती एवं अंशिका (सेंट फ्रांसेस स्कूल और हेयरिंग इम्पैक्ट) द्वितीय तथा मुकुन्दकम एवं दिव्यांशी (एल.पी.एस. आनंद नगर) तृतीय स्थान पर रहे। प्राची एवं अनुप्रिया तथा श्रेया एवं सोम्या को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कक्षा 11 से 12 वर्ग में अवन्तिका एवं आराध्या कश्यप (एल.पी.एस. आनंद नगर) ने प्रथम, सपना एवं संस्कृति (सेंट जॉन बॉस्को कॉलेज) ने द्वितीय तथा सांची एवं अलबाब (सेंट जॉन बॉस्को कॉलेज) ने तृतीय पुरस्कार जीता। आशी एवं अशिता तथा अंशिका एवं खुशी को सांत्वना पुरस्कार मिला।

मेंहदी प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कक्षा 6 से 8 वर्ग में काजल एवं अंशिका (आर.एस. इंटरनेशनल स्कूल) ने प्रथम, सोनाक्षी एवं पूजा (जे.एम.डी. पब्लिक स्कूल) ने द्वितीय तथा पल्लवी सिंह एवं आरोही (महर्षि विद्या मंदिर) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
कक्षा 9 से 10 वर्ग में दिशा सिंह एवं फेहमीना (बाल विद्या मंदिर) प्रथम, आरती राजभर एवं मानसी (टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज) द्वितीय तथा साक्षी एवं मुस्कान (अवध एकेडमी) तृतीय स्थान पर रहीं।
कक्षा 11 से 12 वर्ग में अनुप्रिया वर्मा एवं नन्दनी सिंह (एल.पी.एस. आनंद नगर) प्रथम, तनिष्का एवं साक्षी (बाल विद्या मंदिर) द्वितीय तथा ऐजंल गौतम एवं इरा सिन्हा (सेंट जॉन बॉस्को कॉलेज) ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।

अपर्णा यादव रहीं मुख्य अतिथि
रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव मुख्य अतिथि रहीं। रंगोली प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा. स्नेहलता शिवहरे, डा. कुमुद पाण्डेय एवं डा. अंशुल सिंह शामिल रहीं। वहीं मेंहदी प्रतियोगिता का मूल्यांकन डा. स्तुति त्रिपाठी, डा. नीतू मिश्रा एवं डा. अरिमा पाण्डेय ने किया।
प्रतियोगिता के द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 7 अक्टूबर को ही पुरस्कार प्रदान कर दिए गए, जबकि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वन्य प्राणि सप्ताह-2026 के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
8 अक्टूबर को होगा वन्य प्राणि सप्ताह का समापन
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में वन्य प्राणि सप्ताह-2026 का समापन समारोह 8 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्राणि उद्यान स्थित बारादरी में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि श्री सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अनुराधा वेमुरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्य जीव, उत्तर प्रदेश, लखनऊ मौजूद रहेंगी।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के प्रथम पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
