उप्र की पहचान अब अराजकता और माफिया राज नहीं : योगी आदित्यनाथ

Share Now

उप्र की पहचान अब अराजकता और माफिया राज नहीं है: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

भदोही में अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले के स्वर्ण जयंती संस्करण का उद्घाटन, 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी खरीदार पहुंचे

भदोही (उप्र)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब अराजकता, माफिया राज और असुरक्षा वाले राज्य के रूप में नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में नीतिगत जड़ता, कमजोर बुनियादी ढांचा और बाजार की सुविधाओं की कमी के कारण कारीगरों और उद्यमियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले के स्वर्ण जयंती संस्करण को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश को ‘बीमारू’ अर्थव्यवस्था के रूप में देखा जाता था। उनके अनुसार, उस दौर में सुरक्षा, सड़क, बिजली, तकनीक और बाजार से जुड़ी सुविधाओं का अभाव था।

2017 से पहले की स्थिति का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता, माफिया राज, गुंडागर्दी, कर्फ्यू और दंगों का माहौल था। उन्होंने कहा कि नीतिगत जड़ता के कारण कारीगरों को सरकार का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। इसके चलते बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को रोजगार की तलाश में दूसरे स्थानों पर पलायन करना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश के युवाओं के सामने भी रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के प्रयासों से प्रदेश की स्थिति में व्यापक बदलाव आया है।

उप्र की पहचान अब अराजकता और माफिया राज नहीं है: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

ओडीओपी से भदोही के कालीन को मिला बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सत्ता में आने के बाद सरकार ने एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना शुरू की और भदोही के कालीन को इसका हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि कालीन का प्रत्येक धागा कारीगर की कल्पना, मेहनत और मिट्टी की विरासत से जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि जिन हाथों ने सदियों से कालीन बुने हैं, उन्हीं हाथों में अब नई तकनीक और नए डिजाइन भी होने चाहिए। कारीगरों को नए बाजारों से जोड़ने के लिए सरकार सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

65 देशों के खरीदार पहुंचे

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय कालीन प्रदर्शनी में 65 देशों के 450 से अधिक विदेशी खरीदार शामिल हुए हैं। इनमें 106 खरीदार ब्रिक्स देशों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन भदोही के कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

‘बीमारू राज्य से विकास का इंजन बना यूपी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर आर्थिक विकास के इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब राजस्व आधिक्य वाले राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

योगी ने कहा कि प्रदेश के कारीगर, किसान और युवा अब अपनी पहचान और क्षमता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़कर कारीगरों की आय और रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *