मछलियों को दाना डालने गई थीं दोनों बहनें, फिसलकर नदी में गिरीं
गोंडा। गोंडा जिले में रविवार को सरयू नदी में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बहनें मछलियों को दाना डालने के लिए घाट पर गई थीं, तभी पैर फिसलने से नदी में गिर गईं। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कर्नलगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार राय ने बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी अरुण कुमार तिवारी की बेटियां सुप्रिया तिवारी (15) और सुहानी तिवारी (3) रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे भौरीगंज स्थित रामजानकी मंदिर के पास सरयू नदी में मछलियों को दाना डालने गई थीं।
सीढ़ियों के पास फिसला पैर
पुलिस के अनुसार, घाट की सीढ़ियों के पास बनी दीवार पर खड़े होने के दौरान दोनों बहनों का पैर फिसल गया और वे नदी में जा गिरीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकाला गया।
दोनों बहनों को एंबुलेंस से परसपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां अस्पताल के अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने भेजी सहायता की रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परसपुर के थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह और लेखपाल वासुदेव यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर दैवीय आपदा के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला आपदा विभाग को भेज दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
