90 से बढ़ाकर 180 सीटों को मिली मंजूरी
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के वाणिज्य विभाग में संचालित बीकॉम (ऑनर्स) पाठ्यक्रम में अब अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इस कोर्स की प्रवेश क्षमता 90 से बढ़ाकर 180 सीट करने को मंजूरी दे दी है।
सीटों में दोगुनी वृद्धि के बाद विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में अब बीकॉम (ऑनर्स) में 180 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की बढ़ती शैक्षणिक जरूरतों और उच्च शिक्षा में बढ़ते अवसरों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया और इससे संबंधित दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, प्रवेश से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी संबंधित विभाग से भी ली जा सकती है।
