होमगार्ड भर्ती दौड़ परीक्षा में अभ्यर्थी की मौत, कई जिलों में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत

Share Now

होमगार्ड भर्ती दौड़ परीक्षा में अभ्यर्थी की मौत, कई जिलों में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत

लखनऊ में होमगार्ड भर्ती दौड़ पूरी करने के बाद युवक ने तोड़ा दम, रायबरेली में 11 अभ्यर्थी हुए बेहोश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार से शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा के पहले ही दिन एक अभ्यर्थी की मौत हो गई, जबकि रायबरेली समेत कई जिलों में दर्जनों अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बारिश के कारण कुछ जिलों में परीक्षा भी स्थगित करनी पड़ी।

लखनऊ में दौड़ पूरी करने के बाद अभ्यर्थी की मौत

राजधानी लखनऊ स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर निवासी योगेंद्र सिंह की मौत हो गई। बताया गया कि योगेंद्र ने निर्धारित 26 मिनट में दौड़ पूरी की थी। दौड़ समाप्त होने के बाद वह थककर बैठ गए, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है।

रायबरेली में 11 अभ्यर्थी बेहोश

रायबरेली की 25वीं वाहिनी पीएसी में फिजिकल टेस्ट के दौरान 11 अभ्यर्थी एक-एक कर बेहोश होकर गिर पड़े। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, तेज गर्मी, उमस, कमजोरी और खाली पेट दौड़ने के कारण अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी। सभी को ग्लूकोज चढ़ाने के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। सभी अभ्यर्थी प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं।

खाली पेट और बिना जूतों के दौड़े अभ्यर्थी

भर्ती परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर अभ्यर्थी बिना जूते पहने दौड़ते दिखाई दिए। कई उम्मीदवारों ने अधिकारियों को बताया कि शरीर हल्का रखने के लिए उन्होंने दौड़ से पहले कुछ नहीं खाया था। वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने अधिक मात्रा में पानी पीने के बाद दौड़ लगाई, जिससे उन्हें कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत हुई।

भर्ती बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की थी, जिससे प्रभावित अभ्यर्थियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सका।

बारिश से दो जिलों में परीक्षा स्थगित

संतकबीरनगर में लगातार बारिश के कारण शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड वहां के अभ्यर्थियों की परीक्षा किसी अन्य जिले में कराने के विकल्प पर विचार कर रहा है। वहीं मुरादाबाद में दोपहर बाद बारिश शुरू होने के कारण परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। पहले दिन मुरादाबाद सहित विभिन्न जिलों में 11 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने होमगार्ड भर्ती के लिए दौड़ में हिस्सा लिया।

करीब 12 दिन चलेगी भर्ती प्रक्रिया

भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया लगभग 12 दिनों तक चलेगी। हालांकि, मौसम की स्थिति और बारिश के कारण जरूरत पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *