19 सितंबर से शुरू होगी एक लाख सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया : योगी आदित्यनाथ

Share Now

9 सितंबर से शुरू होगी एक लाख सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया : योगी आदित्यनाथ

छह माह में होगी भर्ती, 77 हजार पद पुलिस और होमगार्ड विभाग में; पेंशन बढ़ाने का भी किया ऐलान

गोरखपुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश सरकार अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी और इनमें 77 हजार भर्तियां पुलिस एवं होमगार्ड विभाग में की जाएंगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन राशि तथा लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने का भी ऐलान किया।

मुख्यमंत्री बुधवार को गोरखपुर में 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित कल्याण मंडपम का वैदिक रीति से फीता काटकर उद्घाटन भी किया।

साढ़े नौ लाख युवाओं को पहले ही मिल चुकी नौकरी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, विकास और सुशासन के कारण सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने दावा किया कि अब तक उनकी सरकार साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और चुनाव की घोषणा से पहले अगले छह महीनों में एक लाख और युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की गारंटी बनी है और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।

पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ेगी

मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 1.10 करोड़ वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पेंशन की राशि और लाभार्थियों की संख्या दोनों में वृद्धि की जाएगी।

7 अक्टूबर से लगेंगे विशेष शिविर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी कारणवश सरकारी योजनाओं से वंचित रह गया है, तो उसे लाभान्वित करने के लिए 7 अक्टूबर से विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ये शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जाएंगे।

40 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 3.09 करोड़ रुपये की लागत से 2,461 वर्गमीटर क्षेत्र में बने कल्याण मंडपम का उद्घाटन भी किया। इस मंडपम में एक साथ लगभग 300 लोगों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लोगों से समाज में एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकास तभी संभव है, जब समाज जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बंटने के बजाय एकजुट होकर आगे बढ़े।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *