विकसित भारत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाएगा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

लखनऊ में ईवी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन

लखनऊ। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन अवसर पर कहा कि यह प्लांट उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह यूनिट न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश को स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में आगे बढ़ाएगी और भविष्य की तकनीक के विकास में भारत को अग्रणी बनाएगी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिलेंगे, साथ ही ईवी की आधुनिक तकनीक में स्किल डेवलपमेंट का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे अहम होगी। विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है।

उत्तर प्रदेश का जनप्रतिनिधि होने के नाते राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ की भूमि सहयोग और अपनत्व के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि कभी अपराध और गुंडागर्दी के लिए पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश में आज बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए तैयार किया गया सकारात्मक माहौल सराहनीय है, जिसके चलते राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि रक्षा निर्माण के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां सेना के लिए गोला-बारूद, एयरक्राफ्ट और ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्माण किया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल भविष्य का परिवहन हैं और आने वाले समय में पेट्रोलियम आधारित वाहनों की संख्या धीरे-धीरे कम होगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अशोक लेलैंड की यह ईवी यूनिट न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को स्वच्छ, हरित परिवहन और भविष्य की तकनीक के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दिलाएगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देशभर में सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का सकारात्मक परिणाम है।

उन्होंने कहा कि जिस गति से भारत आर्थिक प्रगति कर रहा है, वह दिन दूर नहीं जब देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *