मेरठ घटना पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला

बोले– यूपी में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर, महिला सुरक्षा के दावे झूठे

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ में एक महिला पर कातिलाना हमला और उसकी बेटी को अगवा किए जाने की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार अपने चरम पर हैं और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।

जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का वादा अब जीरो होकर रह गया है। मेरठ की घटना बेहद गंभीर है और यह दिखाती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब ऐसे स्तर पर पहुंच चुकी है, जहां से वापसी मुश्किल है, क्योंकि अपराधी उनके राज खोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब जनता को सरकार से कोई उम्मीद ही न बचे, तो इससे बुरा हाल और कुछ नहीं हो सकता। भाजपा पूरी तरह नाकाम सरकार साबित हुई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोजाना औसतन पांच महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं और हर 15 दिन में दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार चाहे झूठे विज्ञापनों के जरिए कितने ही दावे कर ले, लेकिन सच्चाई को छुपा नहीं सकती। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता 2027 में महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाली भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की लूट और भ्रष्टाचार के कारण ही अपराध फल-फूल रहे हैं। कोडीन युक्त सिरप के मामले का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि पहले इसे स्थानीय अपराध समझा गया, फिर यह राज्यव्यापी निकला, उसके बाद राष्ट्रव्यापी और अब एशिया स्तर का संगठित अपराध सामने आ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ, बल्कि उसे प्रमोशन मिला है। प्रदेश में भाजपा का “महा-माफिया राज” चल रहा है, जो बोतल में बंद होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि अरबों रुपये की इस काली कमाई में सत्ताधारी दल की हिस्सेदारी है, इसी कारण जनता त्रस्त और बेहाल है।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है। उसके ओवर खत्म हो चुके हैं और पूरी टीम मैच समाप्त होने से पहले ही ऑल आउट होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *