आर्मी पब्लिक स्कूल : जूते की हील से आंख रगड़ने पर छात्र की चली गई रोशनी

जूते की हील से आंख रगड़ने पर छात्र की चली गई रोशनी, स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा sarwadhik news armuy school

आर्मी पब्लिक स्कूल में हैरान करने वाली घटना, स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा
लखनऊ। कैंट इलाके के आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा-5 के एक छात्र के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा-5 और कक्षा-3 में पढ़ने वाले दो छात्रों ने स्कूल मैदान में लंच के दौरान छात्र को बेरहमी से पीटा और उसके चेहरे व आंख पर जूते की हील रगड़ दी। इस हमले में छात्र की आंख की रोशनी चली गई।

कमांड अस्पताल में खुलासा
घटना के बाद घायल छात्र को परिजन कमांड अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि आंख पर जूते की हील रगड़ने से उसकी आंख की रोशनी खत्म हो चुकी है। यह सुनते ही परिवार सदमे में आ गया।

21 जनवरी को लंच टाइम में हुई घटना
पीड़ित छात्र की मां के अनुसार, 21 जनवरी की दोपहर लंच के समय बच्चे स्कूल के मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान कक्षा-5 के दूसरे सेक्शन और कक्षा-3 के दो छात्रों ने उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावर छात्रों ने उसे जमीन पर गिराकर चेहरे और आंख पर जूते की हील रगड़ दी।

शिकायत के बाद भी स्कूल ने नहीं की कार्रवाई
छुट्टी के बाद जब बच्चा घर पहुंचा तो उसकी आंखों में सूजन और पानी आ रहा था। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया। मां का आरोप है कि उन्होंने इस घटना की शिकायत स्कूल प्रबंधन से की, लेकिन स्कूल ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

पुलिस में दर्ज हुआ मुकदमा
थक-हारकर पीड़ित मां शुक्रवार देर रात कैंट कोतवाली पहुंचीं और थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर को पूरी घटना बताई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों छात्रों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मारपीट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस
एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *