शिक्षक दिवस पर 2,000 शिक्षकों का किया सम्मान, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों, छात्रों और शिक्षा से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा हमारे लिए विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
गोमतीनगर स्थित लखनऊ पब्लिक कॉलेज में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करना भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोकतंत्र में संविधान हमारा रक्षक है, उसी तरह शिक्षक भी समाज के मार्गदर्शक और रक्षक होते हैं।
भाजपा पर शिक्षा की उपेक्षा का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा और शिक्षकों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब शिक्षा पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है, तब देश में लगभग एक लाख और उत्तर प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा विरोधी ताकतों, तंग सोच वाले रूढ़िवादियों और सामंतवादी विचारधारा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उनका कहना था कि ऐसी सोच भारत की विविधता और भारतीयता के अनुरूप नहीं है।
2,000 शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने करीब 2,000 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में लखनऊ पब्लिक स्कूल की 18 शाखाओं के प्रधानाचार्य भी शामिल रहे।
इस समारोह का आयोजन लखनऊ पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं सांसद एसपी सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की लखनऊ स्नातक क्षेत्र की एमएलसी प्रत्याशी एवं पूर्व एमएलसी कांति सिंह तथा लखनऊ शिक्षक क्षेत्र के एमएलसी प्रत्याशी सुशील कुमार ने अखिलेश यादव का स्वागत किया।
