पश्चिमी यूपी के किसानों और खाप प्रतिनिधियों से मुलाकात, 2027 में 24 घंटे में गन्ना भुगतान का किया वादा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का मूल चरित्र किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव किसानों के भविष्य का चुनाव होगा और समाजवादी पार्टी किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
सोमवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आए किसानों और विभिन्न खापों के चौधरियों से मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
खाद-बीज की कमी और बिचौलियों पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पाए। उन्होंने कहा कि जब किसानों को खाद की सबसे अधिक जरूरत होती है, तब वह बाजार से गायब हो जाती है। उन्होंने सरकार पर कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और बिचौलियों का दबदबा बढ़ गया है।
2027 के लिए किसानों से किए कई वादे
सपा प्रमुख ने कहा कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों के गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर कराया जाएगा। उन्होंने यह भी वादा किया कि किसानों को पर्याप्त बिजली, खाद, बीज, पानी और सिंचाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, फसलों का लाभकारी मूल्य मिलेगा और किसानों के इलाज की व्यवस्था मुफ्त की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इथेनॉल उत्पादन का लाभ भी सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए।
गांवों के विकास पर रहेगा जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और किसानों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पिछली समाजवादी सरकारों में किसानों के लिए किए गए फैसलों को आज भी किसान याद करते हैं।
खाप प्रतिनिधियों ने जताया समर्थन
बैठक में शामिल किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्हें अखिलेश यादव पर भरोसा है और वह किसानों की समस्याओं से परिचित हैं। उन्होंने उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में किसानों के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस दौरान मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना से चौधरी वीरेंद्र प्रधान ने अखिलेश यादव को प्रतीक स्वरूप हल भेंट किया। बैठक में सुभाष खोकर (खोकर खाप), मोहनलाल मान (मान खाप), आजाद मलिक (मलिक खाप), धर्मपाल (दांगी खाप), किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव कपिल पूनिया, महिपाल सिंह मान, अनुज पूनिया, प्रमोद और रामवीर प्रधान सहित कई किसान और खाप प्रतिनिधि मौजूद रहे।
