यूपी में 15 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी भर्ती

Share Now

यूपी में 15 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी भर्ती

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किए दो विज्ञापन, 16 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती के लिए दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, इन भर्तियों के जरिए कुल 15,012 पदों पर चयन प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी के 897 पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 पदों के लिए भी अलग विज्ञापन जारी किया गया है।

16 सितंबर से शुरू होगा आवेदन

विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक, शहरी के पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 होगी।

इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।

पीजीटी के 2,607 पदों पर भी भर्ती

आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग के 2,607 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी।

पीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 तथा आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

वन टाइम रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे संबंधित भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन से पहले विज्ञापन जरूर पढ़ें

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका को ध्यानपूर्वक पढ़ें। अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को स्वयं सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापित पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में अलग से कोई व्यक्तिगत परामर्श नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, परीक्षा और अन्य आवश्यक निर्देशों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

आयोग की आधिकारिक वेबसाइट :  upessc.up.gov.in


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *