18 मंडलों में स्थापित होंगे जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, 509 लाभार्थियों को मिले सहायक उपकरण
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिव्यांगजनों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पेंशन राशि में जल्द ही एक बार फिर बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री गोरखपुर के सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 509 दिव्यांग लाभार्थियों को 664 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल, स्मार्टफोन, स्मार्टकेन और ब्रेल किट सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।
पेंशन में फिर होगी बढ़ोतरी
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले दिव्यांगजनों को 300 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, जिसे बढ़ाकर पहले 500 रुपये और बाद में 1000 रुपये किया गया। अब कुछ दिनों में पेंशन राशि में एक बार फिर वृद्धि की जाएगी।
18 मंडलों में बनेंगे पुनर्वास केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोरखपुर में सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में ऐसा केंद्र शुरू भी हो चुका है।
उन्होंने गोरखपुर में संचालित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक एवं बालिका इंटर कॉलेज, संकेत राजकीय मूकबधिर विद्यालय, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मनोविकास केंद्र और राजकीय कौशल विकास केंद्र का भी उल्लेख किया।
हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे शिविर
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2026-27 में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर आयोजित कर पेंशन से वंचित दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की डिजिटल पहचान मजबूत करते हुए उन्हें कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं।
