जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण पहली प्राथमिकता होगी : तरुण गाबा

लखनऊ। वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। महानगर स्थित पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद निवर्तमान पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कानून व्यवस्था, साइबर अपराध और जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को अपनी प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण पहली प्राथमिकता होगी: तरुण गाबा

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कहा कि समय के साथ अपराध करने के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस को भी आधुनिक तकनीक के साथ खुद को और अधिक सक्षम बनाना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती है और इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ पुलिस ने अब तक साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अब इस अभियान को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाली जन शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। प्रत्येक शिकायत और दर्ज मुकदमे की जांच पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे। उनका कहना था कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने से जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा तथा अपराध नियंत्रण में भी सफलता मिलेगी।

साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने साइबर थाने के इंफ्रास्ट्रक्चर और संसाधनों को और बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ितों की फंसी हुई धनराशि जल्द वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस की टीमें लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति अधिक प्रभावी ढंग से जागरूक करने का अभियान भी तेज करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *