30 सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी
लखनऊ। विकासनगर थाना क्षेत्र स्थित मिनी स्टेडियम रिंग रोड के पास बुधवार शाम झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 300 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग के बीच करीब 30 गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
दमकल विभाग की 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

प्रशासन और राहत कार्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम, डीसीपी, एडीसीपी, एसडीएम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें भी बचाव कार्य में जुटी रहीं।

घायलों का इलाज जारी
आग में झुलसकर कई लोग घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि कई बच्चे भी गंभीर रूप से झुलसे हैं।
आसपास के मकान भी प्रभावित
आग की तेज लपटों और सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आसपास के पक्के मकानों में दरारें आ गईं। लोग अपनी जान बचाकर घरों से बाहर भागते नजर आए।

जाम से लोग परेशान
घटना के बाद मुंशी पुलिया से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे तक भारी जाम लग गया। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की लगातार आवाजाही और भीड़ के कारण यातायात प्रभावित रहा।

प्रशासन की कार्रवाई
डीएम विशाख जी अय्यर ने बताया कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है और प्रभावित परिवारों को रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है। उनके खाने-पीने और कपड़ों की व्यवस्था की जा रही है, साथ ही सभी प्रभावित लोगों की सूची तैयार की जा रही है।
कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन के अनुसार अभी तक किसी बड़ी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
