
नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सामने आई जानकारी में विसंगतियों के चलते पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू समेत कई प्रमुख हस्तियों को नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह नोटिस मतदाता विवरण में पाई गई विसंगतियों को ठीक करने की प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
33.13 लाख मतदाताओं को जारी हो रहे नोटिस
चुनाव आयोग के अनुसार, 97 लाख से अधिक मतदाताओं की मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद गणना फॉर्म में दर्ज जानकारी की जांच में करीब 33.13 लाख मामलों में विसंगतियां सामने आईं। इनमें अधिकांश नोटिस वर्ष 2002 के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के रिकॉर्ड से विवरण का मिलान न होने के कारण जारी किए गए हैं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि नोटिस जारी होने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जाएगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे।
इन प्रमुख हस्तियों को मिला नोटिस
एसआईआर के दौरान जिन प्रमुख लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें शामिल हैं—
-
लालकृष्ण आडवाणी (नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र)
-
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर
-
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़
-
निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू
-
विदेश सचिव विक्रम मिसरी
-
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, उनकी पत्नी सीमा और बेटे मीर
-
जेएनयू के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार
-
दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग
-
नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया
-
सेबी अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे
-
पूर्व थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी
-
सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद
इनमें से अधिकांश नाम नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं की सूची में दर्ज हैं।
अलग-अलग कारणों से भेजे गए नोटिस
चुनाव आयोग के अनुसार, अलग-अलग मामलों में अलग-अलग प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं।
-
लालकृष्ण आडवाणी, उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को 2002 की मतदाता सूची से नाम का मिलान न होने पर नोटिस मिला, जबकि उनके बेटे जयंत का विवरण पहले ही सत्यापित हो चुका है।
-
एस. जयशंकर और उनकी पत्नी को सुनहरी बाग क्षेत्र में दर्ज मतदाता विवरण के सत्यापन के लिए नोटिस भेजा गया।
-
एस.एस. संधू को नाम में अंतर और उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में विसंगति के कारण नोटिस जारी हुआ।
-
मनीष सिसोदिया के परिवार के मामले में बेटे मीर के रिकॉर्ड में माता-पिता के नाम में अंतर, जबकि उनकी पत्नी सीमा के रिकॉर्ड में नाम संबंधी अंतर दर्ज किया गया है।
अंतिम सूची से पहले होगा सत्यापन
दिल्ली CEO कार्यालय ने कहा कि सभी मामलों में संबंधित मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र मतदाताओं के नाम 4 नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।