प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर लगाए कई आरोप, अर्थव्यवस्था, महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और उसके नेताओं की सोच नकारात्मक है और वे पर्दे के पीछे रहकर नकारात्मक अभियान चलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भाजपा व्यक्तिगत छवि खराब करने की राजनीति कर रही है और समाजवादी पार्टी इसका हर स्तर पर मुकाबला करेगी।
बुधवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों को अब एक नहीं, बल्कि कई प्लेटफॉर्म पर लड़ाई लड़नी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नकारात्मक प्रचार की शुरुआत की है और उनकी नकारात्मक तस्वीरें आधिकारिक रूप से साझा की गई हैं।
अर्थव्यवस्था और रोजगार पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई अर्थशास्त्री आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंता जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि निवेश नहीं आ रहा, रोजगार के अवसर नहीं बढ़ रहे और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली महंगी हो रही है, जबकि कानून व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी खराब हो गई है। वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों में जलभराव का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज में भारी बजट खर्च होने के बावजूद व्यवस्था बेहतर नहीं हो सकी।
एआई को लेकर समाजवादी पार्टी का विजन
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग मेडिकल, कृषि और अपराध नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में काफी लाभकारी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मजबूत इकोसिस्टम और आधारभूत ढांचा तैयार करना जरूरी है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस क्षेत्र के लिए अलग से बजट दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम हुआ, लखनऊ में आईटी सिटी विकसित की गई, एचसीएल और सैमसंग का विस्तार हुआ तथा लखनऊ मेट्रो जैसी आधुनिक परियोजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने यह भी कहा कि डायल-100 रिस्पांस सिस्टम समाजवादी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।
सड़क परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सड़क और हाईवे परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कई सड़कों और एक्सप्रेसवे की हालत खराब हो चुकी है।
उन्होंने राम वन गमन पथ का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उद्घाटन से पहले ही सड़क में दरारें पड़ गईं और जगह-जगह गड्ढे हो गए। साथ ही उन्होंने अयोध्या से जुड़े कार्यों में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
