लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अभ्यर्थी अब 5 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क के पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं 6 और 7 सितंबर को विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
पंजीकरण शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1,000 रुपये तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है। विलंब शुल्क सभी वर्गों के लिए 1,500 रुपये रखा गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचना में देखी जा सकती है। साथ ही अभ्यर्थी आवश्यक जानकारी के लिए संबंधित विभाग से भी संपर्क कर सकते हैं।
