भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ा

Share Now

भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ा

लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह का कार्यकाल तीन वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पुनः तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में राजभवन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

प्रो. मांडवी सिंह के पिछले कार्यकाल में विश्वविद्यालय में शिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए कार्यशालाओं, व्याख्यानों, संगोष्ठियों, मास्टरक्लास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

उनके कार्यकाल में देश के प्रतिष्ठित कलाकारों, संगीतज्ञों, नृत्य गुरुओं और विषय विशेषज्ञों को विश्वविद्यालय में आमंत्रित कर विद्यार्थियों को उनके अनुभव और ज्ञान से लाभान्वित होने का अवसर प्रदान किया गया। साथ ही कथक, भरतनाट्यम, ध्रुपद, शास्त्रीय गायन, तालवाद्य और अन्य भारतीय कला विधाओं से जुड़े अनेक शिक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शोध को प्रोत्साहन देने तथा भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

पुनर्नियुक्ति पर प्रो. मांडवी सिंह ने कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। कुलसचिव एस.पी. सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *