चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को दिया खुला ऑफर

Share Now

आकाश आनंद को चंद्रशेखर आजाद का खुला ऑफर, बोले- साथ आएं तो मिलकर आगे बढ़ाएंगे बाबा साहब का मिशन

बोले- साथ आएं तो मिलकर आगे बढ़ाएंगे बाबा साहब का मिशन

कहा- आलोचना के बावजूद उन्हें हमेशा छोटा भाई माना, आजाद समाज पार्टी के दरवाजे खुले हैं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति में नया राजनीतिक संकेत देते हुए नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बसपा नेता आकाश आनंद को खुला राजनीतिक प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद यदि उनके साथ आना चाहते हैं, तो आजाद समाज पार्टी के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले रहेंगे।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आकाश आनंद भले ही पहले उनकी आलोचना करते रहे हों, लेकिन उन्होंने हमेशा उन्हें अपने छोटे भाई की तरह माना है। उन्होंने कहा कि यदि आकाश उनके साथ आते हैं, तो दोनों मिलकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन और बहुजन आंदोलन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

‘महापुरुषों के अधूरे सपनों को करेंगे पूरा’

उन्होंने कहा, “आकाश आनंद मेरे छोटे भाई जैसे हैं। अगर वह साथ आते हैं, तो महापुरुषों के जो अधूरे काम रह गए हैं, उन्हें मिलकर पूरा करेंगे।” चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि बसपा में आकाश आनंद के लिए रास्ते बंद हो चुके हैं, लेकिन बाबा साहब के विचारों और मिशन को आगे बढ़ाने के लिए आजाद समाज पार्टी हर उस व्यक्ति का स्वागत करेगी, जो इस दिशा में काम करना चाहता है।

‘खुले मन से दे रहा हूं निमंत्रण’

आजाद समाज पार्टी प्रमुख ने कहा कि वह पूरी स्पष्टता और खुले मन से यह निमंत्रण दे रहे हैं। उनके अनुसार, पार्टी किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि बाबा साहब आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से काम कर रही है और जो भी इस मिशन में योगदान देना चाहता है, उसका स्वागत किया जाएगा।

चंद्रशेखर आजाद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बसपा प्रमुख मायावती हाल ही में यह स्पष्ट कर चुकी हैं कि आकाश आनंद को पार्टी में दोबारा कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। ऐसे में उनके इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति में महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *