21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग शुरू
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले का इंतजार कर रहे NEET UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGME) के अनुसार, 21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग शुरू होगी, जबकि 25 सितंबर को सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा।
21 सितंबर को जारी होगी मेरिट सूची
महानिदेशालय के आदेश के मुताबिक दूसरे चरण की मेरिट सूची 21 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी 21 सितंबर दोपहर 2 बजे से 24 सितंबर सुबह 11 बजे तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग कर सकेंगे।
25 सितंबर को आएगा सीट आवंटन परिणाम
दूसरे चरण के सीट आवंटन का परिणाम 25 सितंबर को घोषित होगा। जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, वे 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
पहले चरण के दाखिले रहेंगे सुरक्षित
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण में सरकारी, निजी मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों का दाखिला यथावत रहेगा। वहीं, चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों से जुड़े विशेष आरक्षण के मामलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों पर आगे की कार्रवाई संबंधित न्यायालयों के निर्णय के अनुसार होगी।
आधिकारिक पोर्टल पर रखें नजर
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि काउंसलिंग से जुड़े सभी ताजा अपडेट और निर्देशों के लिए आधिकारिक यूपी नीट पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
