यूपी में राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव का ऐलान

Share Now

यूपी में राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव का ऐलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों और विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को दोनों चुनावों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया। चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी, जबकि राज्यसभा के लिए मतदान 16 अक्टूबर और विधान परिषद की सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा।

29 सितंबर से शुरू होंगे नामांकन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, दोनों चुनावों के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी।

राज्यसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम

राज्यसभा की 10 सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

इन सीटों पर वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

इन सदस्यों का कार्यकाल हो रहा समाप्त

राज्यसभा की जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें भाजपा के हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी, गीता उर्फ चंद्रप्रभा और डॉ. दिनेश शर्मा शामिल हैं। डॉ. दिनेश शर्मा सितंबर 2026 में अंडमान एवं निकोबार के उपराज्यपाल बनने के बाद इस्तीफा दे चुके हैं, हालांकि उनका मूल कार्यकाल भी नवंबर तक था।

वहीं समाजवादी पार्टी के प्रो. राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।

विधान परिषद चुनाव 23 अक्टूबर को

विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। इन सीटों की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।

इन एमएलसी सीटों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

राज्यसभा चुनाव कैसे होता है?

राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव संबंधित राज्य की विधानसभा के निर्वाचित विधायक करते हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्यसभा एक स्थायी सदन है, जिसके लगभग एक-तिहाई सदस्य हर दो वर्ष में सेवानिवृत्त होते हैं।

राज्यसभा चुनाव 2026 : प्रमुख तारीखें

कार्यक्रम

तारीख

अधिसूचना जारी

29 सितंबर

नामांकन की अंतिम तिथि

6 अक्टूबर

नामांकन की जांच

7 अक्टूबर

नाम वापसी

9 अक्टूबर

मतदान

16 अक्टूबर

मतगणना

16 अक्टूबर (शाम 5 बजे)

प्रक्रिया पूर्ण

19 अक्टूबर

विधान परिषद चुनाव 2026 : प्रमुख तारीखें

कार्यक्रम

तारीख

अधिसूचना जारी

29 सितंबर

नामांकन की अंतिम तिथि

6 अक्टूबर

नामांकन की जांच

7 अक्टूबर

नाम वापसी

9 अक्टूबर

मतदान

23 अक्टूबर

मतगणना

27 अक्टूबर

प्रक्रिया पूर्ण

31 अक्टूबर


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *