25 जनवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस

Share Now

25 जनवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस, ‘माई इंडिया–माई वोट’ थीम पर होंगे कार्यक्रम

‘माई इंडिया–माई वोट’ थीम पर होंगे कार्यक्रम

स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में शपथ व जागरूकता आयोजन, 23–24 जनवरी को भी संभव

लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘माई इंडिया–माई वोट’ निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्कूलों में होंगी रचनात्मक प्रतियोगिताएं

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में

  • वाद-विवाद,

  • परिचर्चा,

  • निबंध लेखन,

  • चित्रकला,

  • गीत और नाटक

जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई हिंदी एवं अंग्रेजी में राष्ट्रीय मतदाता शपथ विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और मजबूत हो सके।

सरकारी दफ्तरों में दिलाई जाएगी मतदाता शपथ

निर्देश दिए गए हैं कि राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 25 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे राष्ट्रीय मतदाता शपथ दिलाई जाए। चूंकि 25 जनवरी 2026 साप्ताहिक अवकाश का दिन है, इसलिए आयोग के निर्देशानुसार 23 या 24 जनवरी 2026 को भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।

सोशल मीडिया और आधिकारिक माध्यमों पर प्रचार

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदान के महत्व को दर्शाने वाले आधिकारिक लोगो का उपयोग विभागीय स्टेशनरी, वेबसाइट, मर्चेंडाइज और अन्य माध्यमों पर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रमों और गतिविधियों की फोटोग्राफ्स को हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स या वेबसाइट पर अपलोड करने का आग्रह किया गया है।

अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का निर्देश

सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और जिला निर्वाचन अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *